राजगढ़ः अवैध रेत माफियाओं पर पुलिस का शिकंजा, दो लोडर ट्रैक्टर जब्त
राजगढ़,21 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सुठालिया थाना पुलिस और तहसील प्रशासन ने गुरुवार को संयुक्त रुप से कार्रवाई करते हुए पारसाना स्थित पार्वती नदी क्षेत्र में अवैध रेत खनन कर रहे दो लोडर ट्रैक्टर जब्त किए। दोनों ट्रैक्टरों की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार तहसीलदार सुठालिया रणधीरसिंह मीणा और थाना सुठालिया पुलिस टीम ने नदी क्षेत्र में दबिश दी। मौके पर बिना नंबर के दो महिंद्रा लोडर ट्रैक्टर अवैध रेत निकालते हुए मिले। एक ट्रैक्टर पर “साईं सागर” और दूसरे पर “श्री कृष्ण कृषि यंत्र” लिखा हुआ था। दोनों वाहनों में आगे सूप और पीछे पिलाऊ लगा था, जिनका उपयोग रेत उत्खनन में किया जा रहा था। तहसीलदार ने मौके पर ही पंचनामा तैयार कर दोनों ट्रैक्टरों को जब्त्त किया और बाद में उन्हें सुठालिया थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध खनन और खनिज माफियाओं के खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

