राजगढ़ः खेत पर बने मकान से सोयाबीन- लहसुन चोरी के मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 20 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के बोडा थाना पुलिस ने खेत पर बने मकान से सोयाबीन, लहसुन और इनवर्टर बैटरी चोरी करने वाले तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी का पूरा मसरूका और वारदात में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप, सोनालिका ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त की गई है, जिसकी कुल कीमत 22.95 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने शनिवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित पत्रकार वार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि 17 जून को पचोर निवासी राजेन्द्र पुत्र हीरालाल पाटीदार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम रोसला जागीर स्थित उनके खेत पर बने मकान में रखे सोयाबीन, लहसुन और इनवर्टर बैटरी अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ धारा 305(4), 331(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल. बंजारे और एसडीओपी नरसिंहगढ़ प्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर सेल और मुखबिर की सूचना पर तीन आरोपितों को हिरासत में लिया, जिनमें मोहन (40) पुत्र देवसिंह राजपूत निवासी ढ़ाबला, सुखराम(38) पुत्र प्रतापसिंह चौरसिया निवासी रोसलाजागीर और पुष्पाबाई (37) पत्नी प्रेमसिंह मालवीय निवासी रोसलाजागीर शामिल है।
पूछताछ में आरोपित सुमेर उर्फ सुखराम ने साथी मोहन के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपितों ने बताया कि फरियादी के मकान पर लंबे समय से ताला लगा था और अंदर सोयाबीन व लहसुन रखा होने की जानकारी उन्हें थी। इसी के आधार पर उन्होंने पिकअप वाहन से सामान चोरी कर बाजार में बेच दिया और रकम साथी पुष्पाबाई के पास रखवा दी। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 1.75 लाख रुपये नकद, 8 क्विंटल सोयाबीन, एक इनवर्टर, वारदात में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप और सोनालिका ट्रैक्टर जब्त किया है।
कार्रवाई के दौरान थानाप्रभारी बोड़ा देवेन्द्रसिंह राजपूत, तलेन थानाप्रभारी धर्मेन्द्र पवैया, एएसआई समीर खान, आर.मंजीत, दुष्यंत, कपिल अटारिया सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से खुश होकर फरियादी ने गांव में 50 हजार रुपए की लागत से सीसीटीवी कैमरे लगवाने की घोषणा की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

