राजगढ़ः अवैध पोटाश बेचते व्यक्ति पकड़या, 20 किलो विस्फोटक सामग्री और 27 कार्बाइड गन जब्त
राजगढ़, 07 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सुठालिया थाना पुलिस टीम ने शनिवार को भ्रमण एवं चैकिंग के दौरान अवैध विस्फोटक सामग्री के विक्रय और कार्बाइड गन के उपयोग पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई करते हुए सुठालिया बाजार से 20 किलो पोटाश और 27 लोहे की गचकुंडी (कार्बाइड गन) जब्त की हैं। पुलिस ने मौके से पोटाश बेच रहे 50 वर्षीय व्यक्ति को पकड़ा है। उसके खिलाफ कलेक्टर के प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन करने पर वैधानिक कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी अनिल राहोरिया ने बताया कि पुलिस टीम ने बाजार में वाहिद (50) पुत्र गनी खां निवासी वार्ड क्रमांक 5, सुठालिया को अवैध रूप से पोटाश बेचते हुए पाया। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 20 किलोग्राम पोटाश और 27 लोहे की गचकुंडी बरामद की। जिले में कार्बाइड गन के निर्माण और उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रतिबंधात्मक आदेश जारी हैं। इसके बावजूद सामग्री का विक्रय किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान थानाप्रभारी उप निरीक्षक अनिल राहोरिया, एएसआई अनूप यादव, प्रआर. श्याम षर्मा, आशीष दुबे, आर.राधारमण, राजकुमार और सर्वेश सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

