राजगढ़ः बाइक सवार तस्कर के कब्जे से साढ़े तीन लाख से अधिक की स्मैक जब्त
राजगढ़, 04 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शहर ब्यावरा थाना पुलिस ने शुक्रवार की रात नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईवे स्थित सीएनजी पंप के पास से एक बाइक सवार युवक को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 36 ग्राम स्मैक जब्त की, जिसकी कीमत तीन लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।
थाना प्रभारी वीरेन्द्रसिंह धाकड़ ने शनिवार को बताया कि बीती रात हाइवे स्थित सीएनजी पंप के आगे से मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बाइक क्रमांक एमपी 39 एमआर 1228 पर सवार भगवानसिंह (30) पुत्र भूरालाल तंवर, निवासी हमीरपुरा थाना राजगढ़ को गिरफ्तार किया। आरोपित की तलाशी में पुलिस ने 36 ग्राम स्मैक बरामद की,जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आरोपित के कब्जे से 60 हजार रुपए मूल्य की बाइक भी जब्त की गई। कुल जब्ती की राशि 4 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ षुरु की। पुलिस अब आरोपित से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध मादक पदार्थ उसे कहां से मिला और आगे किसे सप्लाई किया जाना था। तस्करी की इस कड़ी तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम सक्रिय रूप से जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

