राजगढ़ः विद्युत केबल चोरी के मामले में आरोपित गिरफ्तार, 10.50 लाख का माल जब्त
राजगढ़, 18 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर थाना पुलिस टीम ने वाहन चैकिंग के दौरान चोरी के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी की विद्युत केबल व वारदात में प्रयुक्त बोलेरो वाहन जब्त किया है, जिसकी कुल कीमत करीब 10.50 लाख रुपये बताई गई है।
थानाप्रभारी रजनेश सिरोठिया ने शुक्रवार को बताया कि 14 सितंबर को ग्राम कानरखेड़ी जोड़ पर वाहन चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान कानरखेड़ी की ओर से सफेद रंग की बोलेरो आती दिखाई दी। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो चालक वाहन लेकर सीलखेड़ा की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बोलेरो क्रमांक एमपी 13 आर 3377 को पकड़ा और मौके से वाहन चालक लियाकत (40) पुत्र पिता गफून खां निवासी बैरसिया भोपाल को हिरासत में लिया। पुलिस ने बोलेरो की तलाशी ली तो पीछे की सीट के पीछे काले रंग की तांबे की विद्युत केबल के दो बंडल मिले। इनमें एक करीब 50 फीट और दूसरा 30 फीट लंबा था। कुल 80 फीट केबल की कीमत करीब 50 हजार रुपए आंकी गई है। पूछताछ में आरोपित ने शिवहरे वेयरहाउस के पास प्लांट के बाहर रखे विद्युत तार को चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 35(ई), 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

