राजगढ़ः महिला के कब्जे से डेढ़ लाख का गांजा जब्त, पूछताछ जारी
राजगढ़, 03 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत देहात ब्यावरा थाना पुलिस ने मंगलवार को एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 10 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपित महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ शुरु की।
थाना प्रभारी प्रवीण जाट के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदिरानगर कॉलोनी में एक महिला गांजा लेकर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर महिला को उसके घर के बाहर से पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 10 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर महिला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित महिला की पहचान ममता (45) पत्नी मोहन कुशवाह निवासी इंदिरानगर कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित महिला के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब महिला से पूछताछ कर रही है कि वह गांजा कहां से लेकर आई थी और इसकी सप्लाई किन लोगों को की जानी थी। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर जिले में स्मैक, गांजा और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन शुद्धि चलाया जा रहा है। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे और एसडीओपी ब्यावरा के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थानाप्रभारी प्रवीण जाट, एसआई बीएल मवासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप राजपूत, आरक्षक प्रवीण, राजेश यादव और महिला आरक्षक आयशा बानो सहित पुलिस टीम शामिल रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

