home page

राजगढ़ में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, स्मैक और इंजेक्शन के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

 | 
राजगढ़ में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, स्मैक और इंजेक्शन के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार


राजगढ़, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारंगपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बाइक सवार युवकों को पकड़कर उनके कब्जे से स्मैक, एविल की शीशियां और इंजेक्शन बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने पूछताछ के आधार पर एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे ने सोमवार को प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन और एसडीओपी नेहा गौर के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाइक सवार युवक अवैध मादक पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने बीती रात हाईवे स्थित अकोदिया नाका के समीप घेराबंदी की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बाइक सवार राजू उर्फ जफर (27) पुत्र उमरखां मेवाती निवासी गोलावाड़ी तथा शादाब (28) पुत्र मुजीबखां निवासी किला रोड सारंगपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 11.75 ग्राम स्मैक, 186 एविल शीशियां, 200 इंजेक्शन और एक बाइक बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब एक लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि मादक पदार्थ उन्हें मुस्तकीम उर्फ पिल्ला पुत्र चांद खान निवासी कसाईवाड़ा, सारंगपुर से प्राप्त हुए थे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी मुस्तकीम को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक