राजगढ़ः स्कूटी सवार दो युवकों के कब्जे से 70 हजार की स्मैक जब्त, पूछताछ जारी
राजगढ़, 13 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की छापीहेड़ा थाना पुलिस ने वाहन चैकिंग के दौरान बिना नंबर की स्कूटी सवार दो युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 10.58 ग्राम स्मैक जब्त की, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपए आंकी गई है। साथ ही उनके पास से 50 हजार रुपए की बिना नंबर की एक्टिवा स्कूटी भी बरामद की गई।
थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती ने बुधवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर जिले में संचालित ऑपरेशन शुद्धि अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एएसपी के.एल. बंजारे और एसडीओपी अरविंद सिंह राठौर के मार्गदर्शन में मिली मुखबिर सूचना के आधार पर बीती मंगलवार रात वाहन चैकिंग पाइंट लगाया गया था। इसी दौरान ग्राम संडावता की ओर से आ रही संदिग्ध स्कूटी को रोककर दो युवकों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपितों की पहचान लखन (22) पुत्र घीसूलाल शर्मा निवासी बिगनोदीपुरा थाना सारंगपुर और मांगीलाल (25) पुत्र बनेसिंह तंवर निवासी छोटी मेहरी थाना लीमाचैहान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 70 हजार की स्मैक व 50 हजार की बिना नंबर की एक्टिवा जब्त की। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ शुरू की गई है। पूछताछ में आरोपित लखन शर्मा ने क्षेत्र के शनि मंदिर एवं पंचमुखी मंदिर की दान पेटियों से चोरी करने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 3,805 रुपए नकद भी जब्त किए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

