home page

राजगढ़ः बोलेरो वाहन से 7 लाख 50 हजार का गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
राजगढ़ः बोलेरो वाहन से 7 लाख 50 हजार का गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार


राजगढ़, 02 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की कुरावर थाना पुलिस ने रविवार को हाइवे स्थित ग्राम तीजबड़ली जोड के समीप से घेराबंदी कर बोलेरो पिकअप वाहन से 65 पैकेटों में छिपाकर रखा 75.13 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत 7 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार रविवार को थाना कुरावर एसआई मेहरबानसिंह मेचन को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा के जगदलपुर क्षेत्र से नागपुर होते हुए बोलेरो पिकअप में बड़ी मात्रा में गांजा राजस्थान के केकड़ी (अजमेर) ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने एनएच-46 स्थित तीजबड़ली के पास घेराबंदी कर वाहन क्रमांक आरजे 41 जीबी 1138 को पकड़ा। तलाशने पर वाहन के नीचे फर्ष में बनाए गए खांचे से 75.13 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने मौके से धनराज (22) पुत्र सत्यनारायण प्रजापति और सुरेष (35)पुत्र नाथू बलाई निवासी ग्राम खबास, थाना केकड़ी जिला अजमेर राजस्थान को हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित गांजे की खेप राजस्थान पहुंचाने की फिराक में थे। पुलिस अब इस अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक