राजगढ़ः दो चोरी की वारदातों का खुलासा, चार आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सुठालिया थाना पुलिस टीम ने अलग-अलग जगह हुई चोरी के मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी के दो जनरेटर अल्टीनेटर, चांदी के जेवर, 48,500 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल सहित करीब 1.50 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया है।
थाना प्रभारी अनिल राहोरिया ने शुक्रवार को बताया कि पहला मामला ग्राम उमरेड़ का है, जहां 13 मार्च को हरिसिंह लोधा और उनके भाई का परिवार खेत पर गेहूं काटने गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान के पीछे से घुसकर चांदी के करधोना, पायजेब, तगड़ी, कड़े, मंगलसूत्र, बिछुड़ी समेत नकदी चोरी कर फरार हो गए। वहीं दूसरा मामला 31 दिसंबर 2025 का है, जब सुठालिया स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर के पास खड़े जनरेटर से दो अल्टीनेटर चोरी हो गए थे।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संजय उर्फ बंटी (40) पुत्र कैलाषनारायण मेवाड़े निवासी बैकुंठ मार्ग ब्यावरा, दिलीप (37) पुत्र रामचरण जाटव निवासी मुल्तानपुरा ब्यावरा,अल्लू उर्फ अब्दुल रशीद (40)पुत्र अब्दुल लतीफ निवासी ब्यावरा और शाहरुख पुत्र रफीक खां को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदातें स्वीकार कर लीं। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

