राजगढ़ः कंजर डेरे पर दबिश, 198 लीटर कच्ची शराब जब्त, 2 हजार लीटर लहान नष्ट
राजगढ़, 10 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के छापीहेड़ा थाना पुलिस ने बुधवार की रात कंजर डेरे पर दबिश देकर 198 लीटर अवैध कच्ची हाथ भट्टी शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 19 हजार 800 रुपए बताई गई है। वहीं शराब बनाने के लिए तैयार करीब 2 हजार लीटर लहान मौके पर ही नष्ट किया गया। पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद तीन लोग फरार हो गए।
थानाप्रभारी उमाशंकर मुकाती ने गुरुवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर बीती रात कंजर डेरा पर दबिश दी। इस दौरान राहुल पुत्र कालूराम कंजर के ठिकाने से 80 लीटर, संतोष पुत्र ओमप्रकाश कंजर की टपरी के पास से 58 लीटर और नैन सिंह पुत्र ऐलन कंजर के घर के पास से 60 लीटर कच्ची शराब मिली। पुलिस ने शराब जब्त करने के साथ ही अवैध शराब निर्माण में इस्तेमाल की जा रही भट्टियों को भी ध्वस्त कर दिया। पुलिस ने मौके से फरार आरोपित राहुल, संतोष और नैन सिंह के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस टीम आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

