राजगढ़ः खेत से गांजा के चार हरे पौधे जब्त, किसान फरार
राजगढ़, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सुठालिया थाना पुलिस टीम ने शुक्रवार की रात अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक खेत से गांजे के चार हरे पौधे जब्त किए है, जबकि खेत मालिक पुलिस को आता देख मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी अनिल राहोरिया ने शनिवार को बताया कि बीती रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खनोटा स्थित एक खेत में अवैध रूप से गांजे के पौधे लगाए गए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खेत पर दबिश दी। मौके पर तलाशी लेने पर खेत में लगे गांजे के चार हरे पौधे मिले। पुलिस ने पौधों को उखाड़कर जब्त किया, जिनका कुल वजन 4 किलो 150 ग्राम और अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई गई है। कार्रवाई के दौरान खेत मालिक भगवानसिंह पुत्र पर्वतसिंह लोधी, निवासी ग्राम खनोटा, पुलिस को देखकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

