home page

राजगढ़ः चोरी के मोबाइलों का अंतरजिला रैकेट पकड़ा,तीन आरोपितों के कब्जे से 45 फोन जब्त

 | 
राजगढ़ः चोरी के मोबाइलों का अंतरजिला रैकेट पकड़ा,तीन आरोपितों के कब्जे से 45 फोन जब्त


राजगढ़, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन को नया बताकर बेचने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 6.75 लाख रुपये कीमती 45 मोबाइल फोन, बिना बिल के मोबाइल, कच्ची रसीदें और बिल-रसीदों के कट्टे जब्त किए हैं।

खिलचीपुर एसडीओपी धर्मवीर सिंह नागर ने शुक्रवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि ग्राम गादियामेर निवासी बनवारी पुत्र फूलसिंह सौंधिया ने सुभाष चैक स्थित मोबाइल दुकान से नथिंग कंपनी का मोबाइल 14 हजार में खरीदा। मोबाइल का पुलिस पोर्टल पर सत्यापन कराने पर पता चला कि वह मोबाइल होशंगाबाद निवासी एक अन्य व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से इरफान पुत्र बफाती खान, इरशाद पुत्र बफाती खान निवासी खिलचीपुर और जितेन्द्र पुत्र जगदीश बासवानी निवासी इंदौर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 6 लाख 75 हजार रुपये कीमती 45 मोबाइल फोन जब्त किए। पूछताछ में दोनों ने मोबाइल इंदौर निवासी जीतेंद्र से खरीदना स्वीकार किया।

पुलिस का मानना है कि गिरोह लंबे समय से चोरी के मोबाइलों की खरीद-फरोख्त कर रहा था और कम कीमत का लालच देकर ग्राहकों को ठगता था। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान हमेशा अधिकृत विक्रेता से बिल सहित खरीदें, आईएमईआई नंबर का सत्यापन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 पर दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक