राजगढ़ः पांच लाख की स्मैक के साथ पति-पत्नी गिरफ्तार
राजगढ़, 14 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की बोड़ा थाना पुलिस ने बुधवार की रात ग्राम गुलखेड़ी जोड़ स्थित यात्री प्रतिक्षालय से दबिश देकर अवैध मादक पदार्थ का विक्रय कर रहे पति-पत्नी को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 40.30 ग्राम स्मैक जब्त की, जिसकी कीमत पांच लाख रुपये बताई गई है।
थाना प्रभारी देवेन्द्रसिंह राजपूत ने गुरुवार को बताया जिले में चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थ के विरुद्ध “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल. बंजारे, एसडीओपी मिनी शुक्ला के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर बीती रात ग्राम गुलखेड़ी जोड़ स्थित यात्री प्रतीक्षालय पर दबिश देकर सुधीर (55 वर्ष) पुत्र सिंधी सिसोदिया और शोभा (45 वर्ष) पत्नी सुधीर सिसोदिया, दोनों निवासी ग्राम गुलखेड़ी, थाना बोडा को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपितों के कब्जे से 40.30 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत पांच लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपितों से मादक पदार्थ के स्रोत और नेटवर्क के बारे में पूछताछ जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

