राजगढ़ः अवैध शराब पर पुलिस की कार्रवाईः500 लीटर अंग्रेजी-देशी और कच्ची शराब जब्त
राजगढ़, 23 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सोमवार को बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए शराब माफियाओं की कमर तोड़ दी।
राष्ट्रीय राजमार्ग-52 स्थित ग्राम कटारियाखेड़ी में पांच थानों की संयुक्त टीम ने दबिश देकर करीब 500 लीटर अंग्रेजी, देशी और कच्ची शराब जब्त की, वहीं मौके पर ही लगभग एक लाख लीटर महुआ लहान को नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई में नष्ट किए गए लहान की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई गई है।
ब्यावरा एसडीओपी प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में शहर ब्यावरा थानाप्रभारी वीरेन्द्र धाकड़, देहात ब्यावरा थानाप्रभारी प्रवीण जाट,पचोर थानाप्रभारी शकुंतला बामनिया, करनवास थानाप्रभारी कर्मवीर सिंह और सुठालिया थानप्रभारी अनिल राहोरिया सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। करीब तीन घंटे तक चले इस ऑपरेशन में लगभग 30 पुलिस जवानों ने हिस्सा लिया। पुलिस टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से खेतों में संचालित चार अवैध शराब फैक्ट्रियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया, जहां बड़े पैमाने पर कच्ची शराब बनाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस को टंकियों में भरा भारी मात्रा में महुआ लहान मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
इसके अलावा हाईवे किनारे संचालित अवैध शराब दुकानों को भी तोड़ दिया गया, जहां खुलेआम शराब बेची जा रही थी। पुलिस ने मौके से 260 लीटर अंग्रेजी व देशी शराब तथा 240 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब जब्त की, जिसकी कीमत करीब 2.5 लाख रुपए आंकी गई है। इस दौरान पुलिस ने जंगलसिंह (35)पुत्र भैरों सिंह कंजर, मुकेश(32) पुत्र अवतारसिंह कंजर और विजय सिंह(25) पुत्र कंवरलाल कंजर को गिरफ्तार किया है। हालांकि, पुलिस की दबिश की भनक लगते ही कई अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब निर्माण और बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह बड़ी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस की सख्ती और भारी बल की मौजूदगी को देखते हुए अवैध कारोबार से जुड़े लोग पहले ही भाग खड़े हुए। अधिकारियों ने साफ संकेत दिए हैं कि जिले में अवैध शराब कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

