राजगढ़ः 12 पोल से 11 केवी लाइन का तार चोरी,एक आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 23 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम जेपला में चोरों ने 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन के 12 पोल से कंडक्टर तार काटकर चोरी करने के मामले में पुलिस ने मामले में रविवार को एक आरोपित को गिरफ्तार कर चोरी किया गया तार बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार बिजली कंपनी के लाइनमैन विवेक शाक्यवार शुक्रवार शाम करीब 6 बजे तक जेपला क्षेत्र में ड्यूटी पर थे। उस समय 11 केवी लाइन के तार पोल पर सुरक्षित लगे हुए थे। शनिवार को जेपली के पूर्व सरपंच दिलीप गुर्जर ने फोन कर तार चोरी होने और बिजली के पोल टूटे होने की जानकारी दी। सूचना पर लाइनमैन विवेक और जूनियर इंजीनियर अमरदीप साहू मौके पर पहुंचे। जांच में जेपला गांव में धर्मकांटे के सामने पुलिया के पास 11 केवी लाइन के करीब 12 पोल से कंडक्टर तार गायब मिले। चोरों ने तार काटकर खींचे, जिससे चार पोल टूट गए। विद्युत अमले के अनुसार चोरी हुए तार की कीमत करीब 3.50 लाख रुपए है।शिकायत के बाद पुलिस ने चोरी और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में केस दर्ज किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर तार जब्त कर लिया है। उससे पूछताछ कर अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में शामिल अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

