home page

दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक, बैरियर तोड़कर कार अंदर घुसी, आरोपी फरार

 | 
दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक, बैरियर तोड़कर कार अंदर घुसी, आरोपी फरार


नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली इमारतों में शामिल दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सोमवार को बड़ी चूक सामने आई, जब एक नकाबपोश शख्स कार लेकर बैरियर तोड़ते हुए परिसर के अंदर तक जा पहुंचा। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे उप्र नंबर की एक कार विधानसभा के गेट नंबर-2 से जबरन अंदर घुस गई। यह गेट वीआईपी एंट्री के लिए इस्तेमाल होता है और आमतौर पर बंद रहता है। उस समय गेट पर सीआरपीएफ के जवान तैनात थे, इसके बावजूद आरोपित बैरिकेडिंग तोड़कर परिसर में प्रवेश करने में सफल रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपित कार लेकर सीधे विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता के दफ्तर की ओर बढ़ा। वहां उसने बरामदे के पास फूलों का एक गुलदस्ता और कुछ कागजात रखे और फिर उसी रास्ते से वापस फरार हो गया। घटना के वक्त स्पीकर भी विधानसभा परिसर में मौजूद थे।

सूत्रों के अनुसार, आरोपित टाटा सियरा कार में आया था और बाहर निकलने के बाद उसे दिल्ली यूनिवर्सिटी की ओर जाते हुए देखा गया। घटना के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया और पूरे इलाके को घेर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब स्क्वॉड) भी बुलाया गया।

जांच के दौरान गुलदस्ते या आसपास किसी भी तरह की संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है, जिससे फिलहाल राहत की बात है। अधिकारियों का कहना है कि यह घटना सुरक्षा में संभावित सेंध का संकेत है, खासकर ऐसे समय में जब हाल ही में विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपित की पहचान व गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी