सिक्योरिटी गार्ड की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या
जयपुर, 23 मार्च (हि.स.)। गलतागेट थाना इलाके में अज्ञात बदमाश ने सिक्योरिटी गार्ड की पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। सड़क पर सिक्योरिटी गार्ड का शव देश राहगीरों में सनसनी फैल गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर एसएमएस अस्पताल के मुर्दाघर में भिजवाया। पुलिस ने घटना स्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर हमलावर की तलाश शुरु कर दी है।
गलता गेट थाना प्रभारी धर्म सिंह ने बताया कि थाना इलाके में स्थित बास बदनपुरा में किसी अज्ञात बदमाश ने प्रमोद कुमार (51) निवासी दखली मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) की कनपटी पर पत्थर से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। और मौके से फरार हो गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक प्रमोद कुमार काम के सिलसिले में 5 महीने पहले ही अपने गांव से जयपुर आया था और किराए के मकान में रहे रहा था। धर्म सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे जैन नसियां पार्किग के गार्ड रुम में एक गार्ड के घायल होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ कर उसकी शिनाख्त की और घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। पुलिस ने एफएसएल टीम की सहायता से घटना स्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाकर आरोपी की तलाश शुरु कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

