उज्जैन के महाकाल मंदिर के सुरक्षाकर्मी पर चाकू से हमला, गंभीर घायल
उज्जैन, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर के सुरक्षाकर्मी पर धनुष द्वार के बाद तीन बदमाशों ने मारपीट कर चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। साथी कर्मचारियों ने घायल सुरक्षाकर्मी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की खोजबीन शुरू कर दी है।
महाकाल थाना पुलिस ने बताया कि महाकाल मंदिर सुरक्षाकर्मी आकाश पुत्र राजेश राठौर निवासी अतिरिक्त विश्व बैंक कॉलोनी आगर रोड शुक्रवार दोपहर में अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद धनुष द्वार के समीप सेंटर पर थंब लगाने के लिए जा रहा था। इसी दौरान तीन बदमाशों ने उसे घेर लिया और मारपीट करते हुए चाकू से पेट और पैर में हमला कर दिया। जिससे आकाश मौके पर ही गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनते ही आकाश को बचाने के लिए साथी सुरक्षाकर्मी दौडक़र वहां आए तो आरोपियों ने उन्हे भी चाकू से धमकाया और मौके से भाग निकले। जिसके बाद घायल सुरक्षाकर्मी को साथी उपचार के लिए चरक अस्पताल लेकर पहुंचे।
मंदिर परिसर में आने से रोका तो किया हमलाघायल आकाश ने पुलिस को बताया कि चाकू से हमला करने वाले तीन बदमाशों में से एक को को वह पहचानता है। जिसका नाम अंशुल है, वह भूरा माली की फूल प्रसादी की दुकान पर काम करता है। वह अक्सर फूल प्रसादी बेचने के लिए मंदिर परिसर में घूस जाता है। जिससे श्रद्धालुओं को असुविधा होती है। यहीं कारण है कि उसके अंदर घूसने से कई बार रोका था। संभवत: इसी विवाद के चलते उसने हमला किया होगा। फिलाहल पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

