गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई, 112.5 लीटर देसी चुलाई शराब और बाइक जब्त
सुपौल, 22 अप्रैल (हि.स.)। जिले के लोकहा थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने कुल 112.5 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की।इस दौरान मौके से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिसका उपयोग अवैध शराब के परिवहन में किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस द्वारा बरामद शराब और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है और अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है, ताकि इस तरह की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

