एटीएम लूटकांड में तौफीक नेपाली की तलाश हुई तेज
--एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह बोले, वारंट बी पर आरोपितों को लाकर पूछताछ की जाएगी
मुरादाबाद, 01 मई (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के एटीएम लूटकांड में पुलिस सरगना नियामत उर्फ घोड़ा और रणवीर उर्फ राणा को वारंट बी के तहत लाने की तैयारी कर रही है। दोनों आरोपित राजस्थान की एक जेल में बंद हैं। वहीं, तौफीक नेपाली अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
गिरोह ने 24 नवम्बर 2025 की रात लोकोशेड पुल के पास स्थित पीएनबी के एटीएम को उखाड़ लिया था और उसमें रखे करीब सात लाख रुपये निकाल लिए। मामले में पुलिस ने 8 दिसम्बर 2025 को मुठभेड़ के दौरान पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया था। पुलिस अधिकारी के अनुसार गिरोह का संचालन नियामत उर्फ घोड़ा करता है, जो साथियों के जरिए विभिन्न राज्यों में ऐसी वारदातें कराता है।
मामले में पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि तौफीक नेपाली के संबंध में अहम सुराग मिले हैं। एसपी सिटी के अनुसार वारंट बी पर आरोपितों को लाकर पूछताछ की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

