एसडीएम के पेशकार ने वकीलों के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
दोनों पक्षों ने दर्ज कराए मुकदमे
तहसील में वकीलों और एसडीएम के बीच विवाद गहराया
हमीरपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा तहसील में वकीलों और एसडीएम के बीच चल रहा विवाद अब और गहरा गया है। एसडीएम न्यायालय के अंदर अधिवक्ताओं के साथ अभद्रता के आरोपों के बाद शुरू हुआ विवाद अब मुकदमेबाजी तक पहुंच गया है। गुरुवार को मामले में एसडीएम न्यायालय के पेशकार ने दो नामजद अधिवक्ताओं समेत अन्य अज्ञात वकीलों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
बताया जा रहा है कि एसडीएम और उनके पेशकार के स्थानांतरण की मांग को लेकर अधिवक्ता पिछले कई दिनों से विरोध प्रदर्शन कर क्रमिक अनशन कर रहे थे। इसी बीच मौदहा बार एसोसिएशन ने इस क्रमिक अनशन से अपना समर्थन वापस ले लिया, जिससे मामला और तूल पकड़ गया। वहीं, बार एसोसिएशन अध्यक्ष ने भी दो अधिवक्ताओं समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ अलग मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि आरोपियों ने अभद्रता की, न्यायालय से संबंधित अभिलेख छीन लिए और जान से मारने की धमकी दी। दोनों पक्षों की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमों के बाद तहसील परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है। मामला मौदहा तहसील से जुड़ा है, जहां प्रशासनिक और न्यायिक कार्यों पर भी इसका असर पड़ता दिखाई दे रहा है। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

