नादोती एसडीएम सहित तीन कार्मिक 60 हजार की रिश्वत लेते पकड़े
जयपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की सवाई माधोपुर इकाई ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करौली जिले के नादोती उपखंड में एसडीएम सहित तीन कार्मिकों को 60 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान 4 लाख रुपये की संदिग्ध राशि भी बरामद की गई है।
एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि उपखंड अधिकारी (एसडीएम) काजल मीना, उनके रीडर दिनेश कुमार सैनी और वरिष्ठ सहायक प्रवीण धाकड़ को ट्रैप कार्रवाई में डिटेन किया गया है। तीनों पर आरोप है कि उन्होंने परिवादी से उसकी भूमि की फाइनल डिक्री जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत के अनुसार आरोपितों ने पहले एक लाख रुपये की मांग की थी और बाद में 50 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। सत्यापन के दौरान रीडर दिनेश सैनी ने एसडीएम के लिए 50 हजार रुपये और अपने लिए 10 हजार रुपये की मांग की पुष्टि की।
एसीबी टीम ने योजना के तहत परिवादी को उपखंड कार्यालय नादोती बुलवाया, जहां रिश्वत की राशि 60 हजार रुपये ली गई। यह राशि रीडर दिनेश सैनी द्वारा लेकर वरिष्ठ सहायक प्रवीण धाकड़ को दे दी गई। इसी दौरान एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर तीनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान प्रवीण धाकड़ के बैग से 60 हजार रुपये की रिश्वत राशि के साथ 4 लाख रुपये की संदिग्ध नकदी भी बरामद हुई है। इस अतिरिक्त राशि के संबंध में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान सिंह चौधरी के नेतृत्व में की गई। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के निर्देशन में मामले की जांच जारी है।
एसीबी ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

