विद्युत विभाग की टीम के साथ हाथापाई और फायरिंग के मामले में आरोपित शक्ति सिंह गिरफ्तार
मुरादाबाद, 09 अगस्त (हि.स.)। मुरादाबाद जिले के थाना भगतपुर क्षेत्र के गांव खैरखाता में बिजली का फॉल्ट ठीक करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम के साथ हाथापाई और फायरिंग के मामले में थाना पुलिस टीम ने रविवार रात्रि में एक आरोपित शक्ति सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
थाना भगतपुर क्षेत्र के सरकड़ा खास बिजलीघर पर तैनात अवर अभियंता राजेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि शुक्रवार को उपभोक्ताओं की शिकायत पर वह विभागीय कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों के साथ गांव खैरखाता में बिजली का फॉल्ट ठीक करने पहुंचे थे। आरोप है कि मौके पर पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों ने टीम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
इसके बाद सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए टीम के सदस्यों के साथ हाथापाई की गई। तहरीर के अनुसार, इसी दौरान भोपाल सिंह तमंचा लेकर मौके पर पहुंचा और टीम को जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली चलने से मौके पर अफरातफरी मच गई। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी और टीम के सदस्य बाल-बाल बच गए। अवर अभियंता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी।
थाना भगतपुर प्रभारी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आज एक आरोपित शक्ति सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

