home page

ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई, 20.25 लाख का संदिग्ध स्क्रैप और ट्रक जब्त

 | 
ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई, 20.25 लाख का संदिग्ध स्क्रैप और ट्रक जब्त


रायगढ़, 01 जुलाई (हि.स.)। रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पूंजीपथरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7.5 टन संदिग्ध लोहे का स्क्रैप और उसे परिवहन कर रहे 12 चक्का ट्रक को जब्त किया है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 20.25 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव को सूचना मिली थी कि कुनकुरी से एक 12 चक्का ट्रक में भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप लोड कर पूंजीपथरा की ओर लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तमनार चौक में घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक CG-14-D-0528 को रोककर जांच की।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम सुलतान खान (58 वर्ष), निवासी आजाद मोहल्ला, कुनकुरी बताया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें करीब 7.5 टन लोहे का स्क्रैप मिला। पुलिस द्वारा स्क्रैप के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

चोरी की संपत्ति होने के संदेह पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में 7.5 टन लोहे का स्क्रैप, जिसकी अनुमानित कीमत 5.25 लाख रुपये, तथा 12 चक्का टाटा ट्रक, जिसकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये है, जब्त कर लिया। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 20.25 लाख रुपये बताया गया है।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(क)(ड) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव, एएसआई उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक सतीश सिंह तथा आरक्षक राजेश सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी की संपत्ति के नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान