स्कूटी सवार वक्रांगी केंद्र संचालक से डेढ़ लाख की लूट
जौनपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह के कार्यभार संभालने के कुछ ही घंटे बाद सिकरारा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। गुरुवार देर शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने वक्रांगी केंद्र संचालक की स्कूटी में धक्का मारकर उसे सड़क पर गिरा दिया और स्कूटी लेकर फरार हो गए। स्कूटी की डिग्गी में करीब डेढ़ लाख रुपये नकद रखे होने की बात पीड़ित ने पुलिस को बताई है।
सिकरारा थाना क्षेत्र के देवपुर गांव निवासी मनमोहन सिंह शेरवा बाजार में वक्रांगी केंद्र चलाते हैं। गुरुवार देर शाम केंद्र बंद करने के बाद वह स्कूटी से घर लौट रहे थे। गांव से कुछ दूर पहुंचते ही पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी स्कूटी में धक्का मार दिया। इससे वह सड़क पर गिर गए। इसी दौरान बदमाश उनकी स्कूटी लेकर फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार स्कूटी की डिग्गी में करीब 1.50 लाख रुपये नकद रखे थे। घटना के बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सिकरारा थानाध्यक्ष तेजबहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने पीड़ित से घटना की जानकारी लेने के साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। बदमाशों के भागने वाले संभावित रास्तों की भी जांच की जा रही है। पुलिस घटना की रेकी किए जाने की आशंका समेत अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है।नए एसएसपी के कार्यभार संभालने के बाद हुई इस वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। पुलिस बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के प्रयास में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

