रात दो बजे नई स्कॉर्पियो-एन को लगाई आग
जोधपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के भगत की कोठी स्थित रामदेव चौक में 25-26 अक्टूबर की रात को एक नई स्कार्पिया एन को किसी बदमाश ने आग के हवाले कर दिया। उसके पीछे खड़ी एक अन्य कार भी जलकर नष्ट हो गई। आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज से पता लगा कि बदमाश बगैर नंबर की एक कार में आया था। उसने पहले स्कार्पियो में तोडफ़ोड़ की फिर एक घंटे बाद लौटकर आग लगा दी। पुलिस इसमें किसी रंजिश से भी इंकार नहीं कर रही है। हालांकि आरोपी की पहचान के प्रयास जारी है। फिलहाल बदमाश का सुराग हाथ नहीं लगा है। संदेह है कि गाड़ी पर ज्वलनशील पदार्थ डाला गया है।
भगत की कोठी रामदेव चौक के रहने वाले तेजाराम पुत्र भैराराम जाट ने यह रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि 25 अक्टूबर को उसने अपनी नई स्कार्पियो कार को घर के बाहर खड़ा किया था। रात दो बजे के आस पास नई स्कार्पियो एन को किसी शख्स ने आग के हवाले कर दिया। गली में लगे कैमरों की फुटेज देखने पर एक बिना नंबर की स्विफ्ट कार में आए व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधियां सामने आई। पीडि़त का आरोप है कि उस व्यक्ति ने उसकी कार के शीशे तोड़े और फिर बाद में पीछे वाली कार के भी शीशे डंडे मार कर तोड़ा गया। करीब एक घंटे बाद वापस आकर स्कॉर्पियो पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। उसकी कार के पीछे खड़ी एक अन्य कार भी जल गई। जांच सहायक उप निरीक्षक दिनेश द्वारा की जा रही है।
कार से डंडा लेकर उतरा था अंजान शख्स :
रिपोर्ट में बताया कि घटना का पता लगने पर आधी रात को वह घर से बाहर आया था। आस पड़ौस के लोग भी बाहर आ गए। बाद में फायर ब्रिगेड और पुलिस भी वहां पहुंची। गली में लगी सीसीटीवी फुटेज से पता लगा कि कोई शख्स कार से डंडा लेकर उतरा और फिर इस वारदात को अंजाम दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

