सीवान में स्कार्पियो चालक की गला रेतकर हत्या, निर्माणाधीन बाउंड्री से शव बरामद
सीवान, 21 फरवरी (हि.स.)।जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के भलुईं पनिसरा गांव के समीप एक निर्माणाधीन बाउंड्री के भीतर 32 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतक अफसर अली है। वह गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र के पैठानपट्टी गांव निवासी मो. रफीक का पुत्र बताया जाता है। जानकारी के अनुसार अफसर अली भाड़े पर स्कार्पियो वाहन चलाता था। शनिवार की सुबह दो अज्ञात व्यक्तियों ने सीवान आने के लिए उसकी स्कार्पियो बुक की थी। वह दोनों को लेकर सीवान आया था। परिजनों के अनुसार इसके बाद से उसका मोबाइल बंद आने लगा और उससे संपर्क नहीं हो सका।
बताया जाता है कि दोपहर करीब 12 बजे डायल 112 पुलिस की गाड़ी ने रास्ते में संदिग्ध स्थिति में खड़ी स्कार्पियो को देखा और जांच शुरू की। आसपास तलाशी लेने पर पास ही एक निर्माणाधीन बाउंड्री के भीतर अफसर अली का खून से सना शव बरामद किया गया। युवक की गला रेतकर हत्या की गई थी।घटनास्थल पर लावारिस हालत में खड़ी स्कार्पियो की सूचना अन्य टैक्सी चालकों द्वारा परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। परिजन यह बताने में असमर्थ रहे कि वाहन भाड़े पर लेने वाले व्यक्ति कौन थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही स्कार्पियो वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हत्यारों की तलाश में जुटी है तथा विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

