गैस सिलेंडर चोरी कर भागा स्कूटी सवार बदमाश
जयपुर, 23 मार्च (हि.स.)। बजाज नगर थाना इलाके में स्थित बरकत नगर के आदर्श बाजार में रविवार सुबह एक स्कूटी सवार दो बदमाशों को घर में घुसकर सिलेंडर चोरी करना भारी पड़ गया। सिलेंडर चोरी कर भागते वक्त बदमाश की स्कूटी अचानक से स्लिप हो गई और बदमाश सिलेंडर सहित जमीन पर गिर पड़ा। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने दौड़ कर सिलेंडर चोर को दबोच लिया। वहीं दूसरा आरोपी स्कूटी लेकर भागने में कामयाब हो गया। स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से अन्य सिलेंडर चोरी की वारदातों को लेकर गहनता से पूछताछ करने में जुटी है।
डीसीपी (ईस्ट) संजीव नैन ने बताया कि थाना इलाके में स्थित बरकत नगर के आदर्श बाजार की गली नंबर-5 में एक स्कूटी सवार दो बदमाश घर में घुसे और बालकॉनी में रखा गैस सिलेंडर चोरी कर भागने लगा। इसी दौरान घबराहड में अचानक से उसकी स्कूटी स्लिप हो गई और वो गैस सिलेंडर समेंत जमीन पर गिर पड़े। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने रोहित (19) खूनघाट, फर्रुखाबाद , उत्तर प्रदेश निवासी को दबोच लिया। वही दूसरा बदमाश स्कूटी लेकर भागने में कामयाब हो गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त लालकोठी सब्जी मंडी के पास किराए से रहता है। रोहित ने पूछताछ में बताया कि पैसे के लालच में वह किसी अन्य व्यक्ति के लिए यह काम कर रहा था। पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

