home page

रायपुर : गुस्से में अपनी ही स्कूटी जलाई, रोकने पहुंचे दोस्त की झुलसने से मौत, आरोपित गिरफ्तार

 | 
रायपुर : गुस्से में अपनी ही स्कूटी जलाई, रोकने पहुंचे दोस्त की झुलसने से मौत, आरोपित गिरफ्तार


रायपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में स्कूटी जलाने के दौरान युवक की मौत के मामले में पुलिस ने मंगलवार को एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि, आरोपित ने गुस्से में अपनी ही स्कूटी को आग के हवाले कर दिया था, जिसकी चपेट में आने से उसका दोस्त गंभीर रूप से झुलस गया और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, थाना सरस्वती नगर में दर्ज मर्ग की जांच के दौरान मृतक साकिब रजा के परिजनों और उसके साथियों से पूछताछ की गई। जांच में पता चला कि आरोपित मुकेश निषाद ने अपनी ओला स्कूटी अपने दोस्त साकिब रजा को चलाने के लिए दी थी। इस बात को लेकर आरोपित की मां ने उसे फटकार लगाई थी, जिससे वह नाराज हो गया।

इसके बाद आरोपित अपने दोस्तों के साथ कोटा स्थित सुयश अस्पताल के सामने मैदान पहुंचा। यहां उसने गुस्से में स्कूटी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। इस दौरान साकिब रजा ने उसे रोकने की कोशिश की और स्कूटी पर लेट गया, लेकिन आरोपित ने आग लगा दी। हादसे में साकिब बुरी तरह झुलस गया।

घायल साकिब को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 17 जुलाई 2026 को डीकेएस अस्पताल रायपुर में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच में मिले साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आरोपित के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का अपराध दर्ज किया।

सरस्वती नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित मुकेश निषाद (21 वर्ष), निवासी रामसागर पारा रायपुर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर