home page

स्कूल में हुई चाेरी का खुलासा, सामान सहित दो गिरफ्तार

 | 
स्कूल में हुई चाेरी का खुलासा, सामान सहित दो गिरफ्तार


हमीरपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में थाना सिसोलर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय चाँदीकला में हुई चोरी का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा करते हुए गुरुवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गया विद्यालय का पूरा सामान बरामद करने का दावा किया है।

सीओ राजकुमार पांडेय ने गुरुवार को शाम बताया कि 25 अगस्त की रात चोरों ने विद्यालय से सीसीटीवी कैमरे, एलसीडी, साउंड सिस्टम, एम्प्लीफायर व स्पीकर समेत अन्य सामान चोरी किया था। प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार मिश्रा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान प्रकाश में आए शिवकरन यादव और गयाप्रसाद उर्फ राजू उर्फ मित्ता यादव निवासीगण चाँदीकला, को पुलिस ने टिकरी पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से मिक्सर एम्प्लीफायर, पांच स्पीकर, वायरलेस माइक्रोफोन रिसीवर, पावर सप्लाई स्विच, नौ सीसीटीवी कैमरे, यूएसबी केबल, 42 इंच की एलसीडी और बैनर बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संजय कुमार राय, हेड कांस्टेबल बृजेन्द्र कुमार, कांस्टेबल विनोद कुमार, विपिन कुमार और आदर्श तिवारी शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा