बैंक के बाहर टप्पेबाजों ने किसान के 25 हजार व दस्तावेज किए पार
हमीरपुर, 02 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर क्षेत्र के इंगोहटा गांव में शनिवार दोपहर इंडियन बैंक के बाहर एक किसान को निशाना बनाते हुए टप्पेबाज बाइक की डिग्गी से 25 हजार रुपये और जरूरी दस्तावेज पार कर ले गए। घटना से बैंक आने-जाने वाले ग्राहकों में सनसनी फैल गई है।
मवईजार गांव निवासी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर सहकारी समिति का बकाया जमा करने के लिए 30 हजार रुपये निकाले थे। इसमें से पांच हजार रुपये एक परिचित को देने के बाद शेष 25 हजार रुपये बैग में रखकर बाइक की डिग्गी में रख दिए। इसके बाद वह पास ही खड़े सहकारी समिति कर्मचारी सुरेंद्र तिवारी से बकाया जमा करने को लेकर बातचीत करने लगे। इसी दौरान टप्पेबाजों ने मौका पाकर बाइक की डिग्गी खोल कर बैग लेकर फरार हो गए। बैग में नकदी के अलावा पैन कार्ड, आधार कार्ड तथा पत्नी मंजू, पुत्र मनीष और बहू सुषमा की पांच बैंक पासबुक भी रखी थीं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी मनीष पटेल ने बताया कि बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और टप्पेबाजों की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

