home page

ऑनलाइन सट्टा मामले में भाजपा नेता आशीष उपाध्याय की 06 घंटे की रिमांड, 45 करोड़ की रकम फ्रीज

 | 
ऑनलाइन सट्टा मामले में भाजपा नेता आशीष उपाध्याय की 06 घंटे की रिमांड, 45 करोड़ की रकम फ्रीज


19 खातों की पासबुक, 8 मोबाइल, व अन्य प्रपत्र बरामद

लूटकांड में पुलिस के हाथ खाली

झांसी, 26 मई (हि.स.)। देश और प्रदेश में सट्टे के लिए चर्चित झांसी में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, रंगदारी और लूट के मामलों में जेल में बंद भाजपा नेता आशीष उपाध्याय से पुलिस पूछताछ में ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े बड़े वित्तीय लेन-देन का खुलासा हुआ है। हालांकि लूट और रंगदारी के मामले में पुलिस को कोई खास सफलता नहीं मिली, लेकिन रिमांड के दौरान पुलिस ने 45 करोड़ रुपये के ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का लेखा-जोखा बरामद कर संबंधित रकम को फ्रीज करा दिया है।

बताया गया है कि रॉयल सिटी में संचालित ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट और नवाबाद थाना में दर्ज ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के मामले में सौ करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन के आरोप में पुलिस ने आशीष उपाध्याय को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बाद में 9 मई को हाईकोर्ट से राहत मिलने पर नवाबाद थाना के मुकदमे में उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया था। जेल से बाहर आने के तुरंत बाद थाना सीपरी बाजार पुलिस ने उन्हें पुनः रॉयल सिटी सट्टा सिंडिकेट मामले में गिरफ्तार कर लिया था।

इसी दौरान थाना प्रेमनगर में भाजपा नेता के खिलाफ रंगदारी मांगने और नकदी लूटने का मुकदमा भी दर्ज हुआ। अगले दिन पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले की जांच को आगे बढ़ाने के लिए थाना प्रेमनगर पुलिस ने डकैती कोर्ट से पुलिस रिमांड की मांग की थी। अदालत ने सोमवार को रिमांड मंजूर करते हुए मंगलवार सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक की पुलिस हिरासत की अनुमति दी।

रिमांड मिलने के बाद प्रेमनगर थाना पुलिस आशीष उपाध्याय को जेल से लेकर थाने पहुंची और पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस उन्हें कई स्थानों पर भी लेकर गई। इस दौरान आरोपित ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से जुड़े आठ मोबाइल फोन, 19 बैंक खातों की पासबुक, चेकबुक और अन्य दस्तावेज पुलिस को उपलब्ध कराए।

पुलिस ने जब बैंक खातों की जांच की तो उनमें करीब 45 करोड़ रुपये के लेन-देन का रिकॉर्ड सामने आया। इसके बाद संबंधित खातों में मौजूद रकम को तत्काल फ्रीज करा दिया गया। हालांकि पुलिस को लूट और रंगदारी के मुकदमे में कोई नकदी या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ।

थाना प्रेमनगर प्रभारी निरीक्षक तुलसीराम पांडे ने बताया कि आरोपित से ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन का रिकॉर्ड मिला है। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया