झांसी : इंदौर का सॉफ्टवेयर इंजीनियर निकला ऑनलाइन सट्टा गिरोह का सर्वर प्रोवाइडर
मोबाइल, लैपटॉप बरामद, 09 सटोरियों की पुलिस को तलाश
झांसी, 22 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद झांसी में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नवाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक सर्वर प्रोवाइडर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से दो महंगे मोबाइल फोन एवं एक ASUS कंपनी का लैपटॉप बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में पेश कर दिया गया। फिलहाल पुलिस को 09 फरार सटोरियों की तलाश है।
पुलिस लाइन सभागार में आईपीएस अरीबा नोमान ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि थाना नवाबाद पुलिस द्वारा शुक्रवार को ऑनलाइन बैंकिंग एप के माध्यम से आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाने वाले गिरोह के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित सॉफ्टवेयर इंजीनियर शिवेश चव्हाण पुत्र अशोक चव्हाण निवासी इंदौर (मध्य प्रदेश) ऑनलाइन सट्टेबाजी में सर्वर प्रोवाइडर की भूमिका निभा रहा था। आरोपित को झांसी स्थित इलाहाबाद बैंक चौराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से सैमसंग गैलेक्सी S-25 अल्ट्रा, वीवो वी-5 प्रो मोबाइल फोन तथा सिल्वर कलर का ASUS लैपटॉप बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह ऑनलाइन बैंकिंग एप के लिए सर्वर उपलब्ध कराता था।
विवेचना के दौरान पुलिस को Dbmw99.com एवं Gorahh247.com नामक डोमेन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालन की जानकारी मिली। पुलिस ने इस गिरोह से जुड़े गेम डेवलपर, सुपर मास्टर एजेंट, ब्रोकर एवं अन्य एजेंटों की पहचान भी कर ली है। मामले में कई आरोपित अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक मोहित कुमार, कांस्टेबल भूपेंद्र कुमार एवं जितेंद्र कुमार सहित थाना नवाबाद पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऑनलाइन सट्टेबाजी एवं साइबर अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस की इनको है तलाश
फरार सटोरियों में पप्पू यादव उर्फ पप्पू चिकना,पंकज राय, सौरभ लिखधारी, सोनू चड्ढा कानपुर, हरीश कुमार,आकाश चंचलानी,सुमित साहू, रोशन मुंशी व नीरज गोस्वामी की पुलिस को तलाश है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

