सतना और मैहर में हादसों का दिन रहा मंगलवार, सड़क दुर्घटनाओं में चार की मौत
सतना, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना और मैहर जिलों में मंगलवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। सतना जिले के सभापुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं, मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र में ट्रक और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। टक्कर के बाद हाइवा में आग लग गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने चक्काजाम कर दिया।
कार ने बाइक को टक्कर मारकर करीब 100 मीटर तक घसीटा
सभापुर थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर-कोटर मार्ग पर डोमहाई गांव के पास मंगलवार तड़के भीषण हादसा हुआ। लौलाछ निवासी सत्यनारायण साकेत अपने जीजा हरिलाल और साथी रणधीर सिंह के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। तीनों बिरसिंहपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह के बाद तड़के घर लौटते समय सामने से आ रही तेज रफ्तार कार क्रमांक एमपी 19 सीए 8610 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बाइक सवारों को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में हरिलाल हरिजन और रणधीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सत्यनारायण गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को बिरसिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
कार छोड़कर फरार हुए चालक और सवार
हादसे के बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार जब्त कर ली है और चालक सहित अन्य सवारों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। तीनों युवक सतना में काम करते थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सत्यनारायण का पोस्टमार्टम सतना जिला अस्पताल में, जबकि हरिलाल और रणधीर के शवों का पोस्टमार्टम बिरसिंहपुर में कराया गया।
मैहर में ट्रक-बाइक की भिड़ंत, हाइवा में लगी आग
दूसरी दुर्घटना मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र में गुजरा के पास हुई। मंगलवार को ट्रक और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे के बाद हाइवा में आग लग गई। दुर्घटना में बाइक सवार आशिक विश्वकर्मा उर्फ लल्ली, पिता इंदलाल विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार एक अन्य युवक घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही ताला थाना पुलिस और मुकुंदपुर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हाइवा में आग लगने से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना और आग के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मौत से आक्रोशित परिजनों ने किया चक्काजाम
आशिक विश्वकर्मा की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ताला थाना प्रभारी और मुकुंदपुर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति संभालने और यातायात बहाल कराने के प्रयास किए। दोनों दुर्घटनाओं के कारणों की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

