बक्सर के इटाढ़ी में जमीन विवाद में सरपंच की पीट-पीटकर हत्या
बक्सर, 16 जुलाई (हि.स.)।
जिले में इटाढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुकुढ़ा पंचायत के चिलबिला गांव में गुरुवार को डेढ़ बीघा जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। धान की रोपनी के दौरान दो पक्षों के बीच शुरू हुए विवाद में कुकुढ़ा पंचायत के सरपंच सुभाष सिंह (55 वर्ष) की कथित रूप से लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उनके दो पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार चिलबिला गांव स्थित डेढ़ बीघा जमीन को लेकर सरपंच सुभाष सिंह और उनके पट्टीदारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आज सुबह करीब नौ बजे सुभाष सिंह धान की रोपनी के लिए ट्रैक्टर लेकर खेत पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के तेज बहादुर सिंह, विनोद सिंह सहित अन्य लोगों से विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। परिजनों का आरोप है कि तेज बहादुर सिंह, विनोद सिंह समेत 15 से 20 लोगों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। पिता को बचाने पहुंचे उनके पुत्र अखिलेश सिंह (26 वर्ष) और विंटेस सिंह (23 वर्ष) भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर इटाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल बक्सर भेजा। इलाज के दौरान सरपंच सुभाष सिंह की मौत हो गई, जबकि दोनों पुत्रों का इलाज जारी है। सरपंच सुभाष सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। 30 से 35 की संख्या में लोगों ने सदर अस्पताल पहुंचकर मुख्य गेट के सामने शव रखकर बक्सर-चौसा मुख्य मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सभी आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। सड़क जाम के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला आपसी बंटवारे और जमीन के विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा नामजद एवं अन्य आरोपितों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

