छपरा के हवाई अड्डा परिसर में ईंट से कुचलकर सचिन की हत्या मामले का 12 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा
सारण, 22 सितंबर (हि.स.)। शहर के पुलिस लाइन स्थित हवाई अड्डा के पास बीती रात हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। प्रेम-प्रसंग के विवाद में दोस्त ही अपने साथी का कातिल निकला। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित मनोहर कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जो मृतक सचिन कुमार के ही गांव का रहने वाला है।
मामले की जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामपुकार सिंह ने बताया कि देर रात लगभग 12 बजे मिठाई दुकान के मालिक संतोष कुमार ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके स्टाफ और उसके साथी के साथ हवाई अड्डा के पास घटना घटी है। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार, नगर थाना की टीम और एसडीपीओ खुद मौके पर पहुंचे।
हवाई अड्डा परिसर के सुनसान इलाके से पुलिस ने सचिन कुमार का शव बरामद किया। शव का सिर पूरी तरह कुचला हुआ था, जिससे स्पष्ट था कि हत्या बेहद आक्रोश में की गई है। शुरुआत में मृतक के साथ मौजूद मनोहर कुमार ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और दावा किया कि ऑटो सवार अज्ञात अपराधियों ने मोबाइल छीनने के दौरान हत्या की घटना को अंजाम दिया।
हालांकि, पुलिस अनुसंधान में मनोहर के बयानों में भारी विरोधाभास मिला। सूक्ष्मता से जांच करने पर मनोहर के शरीर, कान और कपड़ों पर खून के निशान पाए गए। साथ ही उसकी अंगुली पर दांत से काटने का जख्म भी मिला। पुलिस ने जब घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मनोहर के दावों का सत्यापन किया, तो उसकी पूरी कहानी झूठी साबित हुई।
कड़ाई से की गई पूछताछ में मनोहर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह और सचिन दोनों एक ही लड़की से बात करते थे। सचिन उस पर लड़की से बात न करने का दबाव बनाता था और मारपीट की धमकी देता था। इसी रंजिश में मनोहर ने हत्या की साजिश रची।
घटना वाली शाम मनोहर ने दुकान मालिक से पैसे लिए और सचिन को अत्यधिक शराब पिलाई। जब सचिन नशे में धुत हो गया, तो वह उसे हवाई अड्डा के सुनसान इलाके में ले गया। वहां दोनों के बीच हाथापाई हुई, जिसमें सचिन ने बचाव में उसकी अंगुली काट ली। लेकिन नशे में होने के कारण सचिन नीचे गिर पड़ा, जिसके बाद मनोहर ने पास पड़ी ईंट से उसके सिर को कूच-कूचकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने खून से सने कपड़े और ईंट बरामद कर लिया है। इस तरह पुलिस ने 12 घंटे के भीतर इस हत्या मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर आरोपित को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

