प्रेम प्रसंग की पुरानी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या, पिता गंभीर रूप से घायल
सारण, 26 नवंबर (हि.स.)। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नैनी गांव में गुरुवार दोपहर प्रेम प्रसंग से जुड़ी पुरानी रंजिश को लेकर हिंसक वारदात हुई। इस घटना में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि बीच-बचाव करने आए उसके पिता धारदार हथियार के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान नैनी गांव निवासी जितेंद्र सिंह के पुत्र आलोक कुमार सिंह के रूप में हुई है। घायल पिता जितेंद्र सिंह का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिजनों के अनुसार करीब ढाई वर्ष पहले छोटे बेटे अभिषेक कुमार ने गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग के बाद घर से भागकर शादी कर ली थी। इसी बात को लेकर युवती के परिजन नाराज थे। विवाद के कारण परिवार बाहर रह रहा था और हाल ही में गांव लौटा था।
परिजनों के अनुसार आज घर में साफ-सफाई के दौरान कथित तौर पर युवती के घरवालों ने आलोक को गोली मार दी और पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। सूचना मिलते ही डायल 112 और मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने आलोक को मृत घोषित कर दिया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर छापेमारी जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

