home page

सारण में एक किशोरी का नहर से मिला शव, दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप

 | 

सारण, 23 अगस्त (हि.स.)। जिले से एक अपहरण एवं हत्या की घटना सामने आई है। शादी की नीयत से शनिवार की सुबह अगवा की गई नाबालिग किशोरी का शव 24 घंटे बाद रविवार को उसके घर के समीप नहर से बरामद किया गया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

मृतिका की मां ने शाहनेवाजपुर गांव निवासी मंटू राय और उसके साथियों पर आरोप लगाए हैं। मां का आरोप है कि आरोपियों ने किशोरी का अपहरण करने के बाद उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, फिर पहचान छिपाने की नीयत से उसकी नृशंस हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया। मृतिका की मां ने स्थानीय थाने के चौकीदार पर भी पुराना केस सुलह न करने के कारण हत्या करवाने की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है।

घटना को लेकर शनिवार को ही थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करने का आवेदन दिया गया था। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसडीपीओ संजय कुमार सुधांशु और इंस्पेक्टर इंद्रजीत महतो ने पीड़ित परिवार से मिलकर घटना की जानकारी ली और परिजनों को ढाढ़स बंधाया।

एसडीपीओ ने परिजनों से लिखित शिकायत पत्र लेकर पूरी पारदर्शिता के साथ निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार