home page

सारण में अवैध हथियार का प्रदर्शन करने वाले युवक को पुलिस ने एक कट्टा व पांच कारतूस के साथ किया गिरफ्तार

 | 
सारण में अवैध हथियार का प्रदर्शन करने वाले युवक को पुलिस ने एक कट्टा व पांच कारतूस के साथ किया गिरफ्तार


सारण, 02 नवंबर (हि.स.)। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ वीडियो और फोटो वायरल करना एक युवक को भारी पड़ गया। मुफस्सिल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार एक नवंबर को पुलिस को एक वायरल वीडियो मिला, जिसमें एक आरोपित अवैध देशी कट्टा लहराते और उसकी पूजा करते दिखाई दे रहा था।

तकनीकी जांच और सत्यापन के बाद आरोपी की पहचान लालबाजार निवासी टुना नट के पुत्र विकाश कुमार के रूप में की गई। पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के क्रम में उसकी निशानदेही पर लालबाजार रेलवे लाइन के पास से एक देशी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए। मुफस्सिल थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार