सारण के जनता बाजार थाना अंतर्गत रोहित हत्याकांड का आरोपित गिरफ्तार
सारण, 20 अगस्त (हि.स.)। जनताबाजार थाना क्षेत्र के धमसर टोला बगौछिया निवासी रोहित कुमार हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अन्य आरोपित रामप्रकाश राय उर्फ लालू सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 14 अगस्त को तीन लोग रोहित को घर से बुलाकर ले गए थे और जगतपुर तरवारा चंवर के पास चाकू से उसकी हत्या कर दी थी। परिजनों के आवेदन पर पुलिस ने कांड संख्या-230/26 दर्ज कर जाँच शुरू की।
तकनीकी अनुसंधान और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पहले ही दो आरोपियों को जेल भेज चुकी है। इसी कड़ी में बीती रात 19 अगस्त को छापेमारी कर अप्राथमिकी आरोपित रामप्रकाश राय को भी धर दबोचा गया। जनताबाजार थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

