संजय की हत्या में फरार आरोपित तमंचा के साथ गिरफ्तार
हमीरपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में जरिया थाना क्षेत्र के इटैलिया बाजा गांव में मुंडन समारोह के दौरान संजू उर्फ संजय की गोली मारकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे नामजद आरोपित अमरकांत को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद किया है।
थानाध्यक्ष मनोज पाण्डेय ने रविवार को बताया कि 19 अक्टूबर को इटैलिया बाजा गांव स्थित मनख्याऊ माता मंदिर के पास सड़क पर संजू उर्फ संजय के शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को स्थानीय लोगों ने बताया कि अमरकांत का गांव के रामकुमार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। संजू उर्फ संजय ने बीच-बचाव करते हुए विवाद शांत कराने की कोशिश की, तभी गुस्से में आकर अमरकांत ने तमंचे से उस पर फायर कर दिया। गोली लगने से संजू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राठ ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मृतक के पिता मूरतध्वज की तहरीर पर थाने में अमरकांत के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। थानाध्यक्ष मनोज पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार को आरोपित अमरकांत को ग्राम बीरा के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के नीचे से गिरफ्तार किया आरोपित की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायालय भेजा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

