home page

कारोबारी हत्याकांड का मुख्य आरोपित संजय ढाबा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

 | 
कारोबारी हत्याकांड का मुख्य आरोपित संजय ढाबा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार


कानपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। काकादेव थाना क्षेत्र में कारोबारी अमित कुमार गुप्ता की मौत के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित हिस्ट्रीशीटर संजय सिंह उर्फ संजय ढाबा को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल भेजा गया।

पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने रविवार को बताया कि पांच सितंबर को काकादेव क्षेत्र में व्यवसायी अमित कुमार के साथ मारपीट की घटना हुई थी, जिनकी उपचार के दौरान आठ सितंबर को मौत हो गई। मामले में मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए, जिसके आधार पर चार आरोपितों के नाम सामने आए। मुख्य आरोपित संजय ढाबा के खिलाफ 50 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगातार प्रयास कर रही थीं। आज पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी।

पूछताछ में संजय ने पुलिस को बताया कि फरारी के दौरान सोशल मीडिया पर खुद को निर्दोष बताते हुए वीडियो प्रसारित करने की सलाह उसे एक पत्रकार ने दी थी। इस बयान के बाद पुलिस संबंधित पत्रकार की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो बनाने और उन्हें प्रसारित कराने के पीछे उसकी क्या भूमिका थी। वहीं, मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप