home page

संदेशखाली में हथियार और कारतूस बरामद, एक गिरफ्तार

 | 
संदेशखाली में हथियार और कारतूस बरामद, एक गिरफ्तार


उत्तर 24 परगना, 06 जुलाई (हि. स.)। जिले के संदेशखाली क्षेत्र में एक बार फिर अवैध हथियार और कारतूस बरामद होने से इलाके में भय व्याप्त हो गया है। गुप्त सूचना के आधार पर बसीरहाट पुलिस जिले के नाजाट थाना पुलिस ने अभियान चलाकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान शंकरदह गांव निवासी सलाउद्दीन मोल्ला के रूप में हुई है। उसके घर से एक देसी पाइपगन (वन शॉटर) और सात राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, नाजाट थाना के अंतर्गत राजबाड़ी आउट पोस्ट की पुलिस को सूचना मिली थी कि सलाउद्दीन मोल्ला ने अपने घर में अवैध हथियार और कारतूस छिपाकर रखे हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से किया जाना था। सूचना पाकर राजबाड़ी आउट पोस्ट की विशेष पुलिस टीम ने शंकरदह गांव में छापेमारी की। तलाशी के दौरान आरोपित के घर के एक गुप्त स्थान से एक देशी पाइपगन और सात राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से सलाउद्दीन मोल्ला को गिरफ्तार कर लिया।

बसीरहाट पुलिस जिले की पुलिस अधीक्षक अलकनंदा भवाल ने बताया कि आरोपित के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें कहां पहुंचाने या इस्तेमाल करने की योजना थी। आरोपित को सोमवार को बसीरहाट महकमा न्यायालय में पेश किया गया।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले जून माह की शुरुआत में संदेशखाली-दो ब्लॉक के मणिपुर इलाके में राज्य पुलिस के स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और गोला-बारूद बरामद किए थे। उस मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उस घटना के बाद एक बार फिर संदेशखाली से हथियार और कारतूस की बरामदगी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता