home page

संदेशखाली में रात के अंधेरे में चली गोलियां

 | 
संदेशखाली में रात के अंधेरे में चली गोलियां


कोलकाता , 22 अगस्त (हि.स.)।

संदेशखाली के शाकदह गांव के निवासी जुम्मान शेख के घर को निशाना बनाकर रात के अंधेरे में कई राउंड गोलियां चलाने का आरोप लगा है। जुम्मान शेख के भाई का दावा है कि इस घटना में संदेशखाली के कुख्यात शेख शाहजहां के करीबी बदमाशों का हाथ है। घटना संदेशखाली के नजात थाना क्षेत्र के खास शाकदा इलाके की बताई जा रही है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात बदमाशों का एक दल जुम्मान शेख के घर पहुंचा। उस समय जुम्मान शेख और उनके परिवार के सदस्य सोने जा चुके थे। आरोप है कि बदमाश पास के मैदान से होकर आए और घर को चारों तरफ से घेरने के बाद मकान को निशाना बनाकर कई राउंड गोलियां चलाईं।

गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि वे पास के मैदान के रास्ते भाग निकले।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।

सूचना मिलने के बाद नजात थाने की राजबाड़ी आउटपोस्ट की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर के अलग-अलग हिस्सों से गोली के खोखे बरामद किए हैं। इसके साथ ही मकान के किन-किन हिस्सों में गोलियां लगी हैं, इसकी भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। नजात थाना पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोलीबारी की इस घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे और इसके पीछे क्या कारण है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा