home page

गंगा से बालू निकालने के आरोप में दो गिरफ्तार, चार हजार सीएफटी बालू और नौका जब्त

 | 
गंगा से बालू निकालने के आरोप में दो गिरफ्तार, चार हजार सीएफटी बालू और नौका जब्त


हुगली, 28 अक्टूबर (हि.स.)। गंगा नदी के तट से अवैध रूप से सफेद बालू निकालने के मामले में उत्तरपाड़ा थाने की पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से मंगलवार देर रात जारी जानकारी के अनुसार, पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक नाव और लगभग 4,000 क्यूबिक फीट सफेद बालू जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उत्तरपाड़ा थाना पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए कुंदन साहनी, और लक्ष्मण साहनी, पिता को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपित उत्तरपाड़ा थाना क्षेत्र के तीन नंबर ए. डी. पाल रोड के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने बंगाल गोडी शिवमंदिर घाट और दो ईंट भट्ठों से लगभग 4,000 क्यूबिक फीट सफेद बालू जब्त किया है। पुलिस का दावा है कि गंगा नदी का जलस्तर कम होने के दौरान नदी के तट से बालू निकाली जा रही थी।

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया कि नदी से निकाली गई बालू की आपूर्ति विभिन्न ईंट भट्ठों में की जानी थी। इस मामले में उत्तरपाड़ा थाने में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों को बुधवार को अदालत में पेश किया जाना था। जांच के सिलसिले में पुलिस उनकी हिरासत की मांग करेगी, ताकि कथित अवैध खनन में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके और उन स्थानों की पहचान की जा सके, जहां से बालू निकाली जा रही थी।

फिलहाल, मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय