home page

बालू-शराब माफिया पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वांछित प्रकाश उपाध्याय समेत चार गिरफ्तार

 | 
बालू-शराब माफिया पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वांछित प्रकाश उपाध्याय समेत चार गिरफ्तार


सीवान, 09 जुलाई (हि.स.)। जिले के दरौली थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन, पुलिस टीम पर हमला और शराब तस्करी से जुड़े मामलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात बालू एवं शराब माफिया प्रकाश उपाध्याय समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

इनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, चार कारतूस, एक बोलेरो वाहन और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपितों की अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति जब्त करने की भी तैयारी शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि 28 जून 2026 को दरौली थाना क्षेत्र में अवैध बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर उग्र भीड़ ने हमला कर दिया था, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इस मामले में दर्ज कांड के अनुसंधान के दौरान अब तक आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

एसपी ने बताया कि जांच में सामने आया कि दुर्घटना करने वाला ट्रैक्टर चालक त्रिभूवन राजभर वाहन मालिक वेदप्रकाश उपाध्याय उर्फ भोला और प्रकाश उपाध्याय के कहने पर अवैध बालू खनन में लगा था।

उन्होंने बताया कि 7 जुलाई को गुप्त सूचना मिली कि मामले का वांछित आरोपित प्रकाश उपाध्याय अपने सहयोगियों के साथ बोलेरो से दरौली आ रहा है। सूचना मिलते ही दरौली थाना पुलिस, जिला आसूचना इकाई और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने ग्राम टड़वा स्थित बंद पड़े पुराने पेट्रोल पंप के समीप वाहन जांच शुरू की। पुलिस को देखकर बोलेरो चालक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया गया।

तलाशी के दौरान वाहन से एक देशी पिस्टल, चार कारतूस, छह मोबाइल फोन और बोलेरो बरामद किए गए। मौके से प्रकाश उपाध्याय, मिक्कू उपाध्याय, उज्जवल उपाध्याय और शिवम पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया।

एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि प्रकाश उपाध्याय जिले के बालू और शराब माफियाओं की सूची में शामिल है तथा पुलिस टीम पर हमले के मामले में भी वांछित था। उसके विरुद्ध हत्या, पुलिस पर हमला, अवैध खनन, शराब तस्करी और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में पहले से प्राथमिकी दर्ज है।

उन्होंने कहा कि आरोपितों द्वारा अपराध से अर्जित संपत्ति के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 107 के तहत जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी। इस कार्रवाई में दरौली थाना के अपर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार, थाना पुलिस, जिला आसूचना इकाई तथा एसटीएफ की टीम शामिल रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma