एनएच-44 पर सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, माैत
नई दिल्ली, 05 मई (हि.स.)। बाहरी-उत्तरी जिले के सिरसपुर इलाके में एनएच-44 पर सड़क पार करने के दौरान एक तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सरदार सिंह (60) के रूप में हुई है। हादसे के समय वह गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद अपने घर वापस लौट रहे थे।
दुर्घटना के बाद किसी ने घायल को अस्पताल पहुंचाने की जहमत नहीं उठाई। लोग सड़क तमाशबीन बनकर वीडियो बनाते रहे। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने एनएचएआई की एंबुलेंस से बुजुर्ग को बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंचाया, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शवगृह भेज दिया है। हादसे के संबंध में समयपुर बादली थाना पुलिस ने हिट एंड रन का मामला दर्ज कर आरोपित कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना स्थल के पास ही फुटओवर ब्रिज बना हुआ है।
पुलिस के मुताबिक सरदार राजू परिवार के साथ गली नंबर-14, स्वरूप नगर में रहते थे। बुजुर्ग होने की वजह से वह फिलहाल काम नहीं करते थे। मंगलवार सुबह वह घर से मत्था टेकने के लिए एनएच-44, सिरसपुर के गुरुद्वारे जाने के लिए निकले। मत्था टेकने के बाद वह वापस लौट रहे थे। इस बीच गुरुद्वारे के सामने एनएच-44 पर हादसे के शिकार हो गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

