दिल्ली के सिरसपुर में मां और तीन मासूम बेटियों की गला रेतकर हत्या
नई दिल्ली, 25 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली के बाहरी उत्तरी जिले के समयपुर बादली थाना क्षेत्र में बुधवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। चंदन पार्क, सिरसपुर स्थित एक मकान में मां और उसकी तीन मासूम बेटियों की गला रेतकर हत्या कर दी गई। चारों के शव कमरे में खून से लथपथ हालत में मिले।
पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी के अनुसार सुबह पुलिस काे चंदन पार्क स्थित सर्वोदया विद्यालय के पास गली नंबर-3 में मकान संख्या 84/ई में चार लोगों की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्राउंड फ्लोर के एक कमरे में महिला और तीन बच्चियां मृत पड़ी थीं। सभी के गले किसी धारदार हथियार से काटे गए थे। मृतक महिला की पहचान अनीता (पत्नी मुंचुन केवट) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पटना, बिहार की रहने वाली थी और यहां अपने पति व तीन बेटियों- पांच वर्षीय, चार वर्षीय और तीन वर्षीय के साथ रह रही थी। पति मुंचुन केवट आजादपुर मंडी में सब्जी बेचने का काम करता है।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के बाद से मुंचुन केवट घर से फरार है। पुलिस उसे मुख्य संदिग्ध मानकर तलाश कर रही है। पड़ोसियों ने सुबह घर का दरवाजा खुला देख संदेह होने पर अंदर झांका तो चारों के शव दिखाई दिए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर क्राइम टीम और एफएसएल की टीम ने साक्ष्य जुटाए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह भेज दिया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

