home page

सलूंबर में 230 किलो डोडा चूरा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
सलूंबर में 230 किलो डोडा चूरा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार


सलूंबर, 2 मई (हि.स.)। सलूंबर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 230 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कूण थाना पुलिस द्वारा “ऑपरेशन त्रिनेत्र” अभियान के तहत शुक्रवार सुबह नाकाबंदी के दौरान की गई।

कूण थानाधिकारी निलेश कुमार मीणा के अनुसार, नाकाबंदी के दौरान एक सफेद रंग की एसयूवी कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन की गति बढ़ाकर नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने तुरंत सड़क पर स्टॉप स्टिक (कील लगी पट्टी) बिछाई, जिससे कार के टायर पंचर हो गए और वाहन रुक गया। मौके पर ही दोनों आरोपिताें को पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान भजनलाल विश्नोई (27) निवासी भीनमाल और राम विश्नोई (32) निवासी बागोड़ा, जिला जालोर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान कार की सीटों के नीचे और डिक्की में छिपाकर रखे गए 12 प्लास्टिक कट्टों से कुल 229 किलो 650 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपित इस मादक पदार्थ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। साथ ही, आरोपिताें से पूछताछ में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिली है, जिनकी तलाश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता